कहते हैं दिन हो या रात, लेकिन मायानगरी की रफ्तार कभी नहीं थमती। हालांकि, अब मुंबई हर तरफ पानी से सराबोर हो चुकी है। मुंबई का सबसे भीड़भाड़ वाला अंधेरी सबवे बंद हो चुका है। पिछले कई दिनों से मुंबई में हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।
अंधेरी सबवे बंद
अंधेरी सबवे को मुंबई के अहम रास्तों में गिना जाता है। हर दिन हजारों की संख्या में गाड़ियां इस सबवे से गुजरती हैं। हालांकि, लगातार हो रही बारिश के कारण अंधेरी में पानी भर गया है। सबवे का रास्ता झील में तब्दील हो चुका है, जिसके कारण इसे बंद कर दिया गया है। अंधेरी सबवे का रूट अब गोखले ब्रिज और ठाकरे ब्रिज की तरफ डायवर्ट कर दिया गया है।
बांद्रा में हुआ था हादसा
मुंबई के बांद्रा में भारी बारिश के कारण भरत नगर चॉल ढह गया था। सोमवार की रात हुए इस हादसे में 15 लोग गंभीर रूप से घायल थे। अब उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। हालांकि, उनकी चोटें अभी पूरी तरह से ठीक नहीं हुई हैं। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद ज्यादातर घायलों ने पड़ोसियों के घर में शरण ली है।
समुद्र में मिला तैरता हुआ कंटेनर
मुंबई में लगातार खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण समुद्र भी उफान पर है। इस दौरान विरार के कलंब बीच पर अचानक एक तैरता हुआ कंटेनर देखकर हड़कंप मच गया। कंटेनर में ढेर सारे वॉलपेपर भरे हैं। स्थानीय लोगों ने समुद्र में कंटेनर देखकर फौरन थाने में सूचना दी। पुलिस ने कंटेनर को सीज करके जांच के लिए भेज दिया है।
अधिकारियों के अनुसार, लगभग 12 दिन पहले इस कंटेनर को गुजरात के तट पर देखा गया था। हालांकि, इसके बाद यह गायब हो गया। कंट्रोल रूम को इससे पहले भी समु्द्र में कंटेनर तैरने की खबर मिल चुकी है। कलंब में मिले कंटेनर को कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है।
IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
मुंबई को अभी बारिश से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस लिस्ट में मुंबई के अलावा रायगढ़, ठाणे, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और पालघर का नाम शामिल है।