उत्तराखंड: चमोली में बादल फटा, 16 घंटे बाद मलबे से जिंदा निकला शख्स
चमोली जिले के नंदनगर में 18 सितंबर की रात बादल फटने की घटना हुई। इसके बाद 14 लोग लापता हो गए और कई लोग मलबे में दब गए। घटना के 16 घंटे बाद रेस्क्यू टीम ने एक शख्स को मलबे से जिंदा बाहर निकाला। इस हादसे से करीब 200 लोग प्रभावित हुए हैं और 35 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।
देहरादून-मसूरी रोड अभी भी क्षतिग्रस्त है। हालांकि, मसूरी में मौजूद लगभग 2 हजार पर्यटक सुरक्षित हैं।
उत्तर प्रदेश: रिहंद बांध ओवरफ्लो, कौशांबी में दो मौतें
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में रिहंद बांध इस साल पांचवीं बार ओवरफ्लो हुआ। वहीं, कौशांबी जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई।
हिमाचल प्रदेश: बादल फटने और भूस्खलन से हड़कंप
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर के थाच गांव में गुरुवार देर रात बादल फट गया। अचानक आई बाढ़ में दो गाड़ियां बह गईं। लोग रात में ही घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए।
इसी बीच शिमला के एडवर्ड स्कूल के पास भी रात में लैंडस्लाइड हुआ। शिमला की "लाइफ लाइन" मानी जाने वाली सर्कुलर रोड बंद कर दी गई है। एडवर्ड स्कूल में आज और कल की छुट्टी घोषित कर दी गई है। कुमारसैन के करेवथी इलाके में तीन मंजिला मकान धंस गया। राज्य में बाढ़ और बारिश से अब तक 424 लोगों की मौत हो चुकी है।
मध्य प्रदेश: औसत से ज्यादा बारिश
मध्य प्रदेश में इस मानसून सीजन में औसत 1097.28 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से 187.96 मिमी ज्यादा है। गुना जिले में सबसे ज्यादा 1651 मिमी और खरगोन जिले में सबसे कम 665.48 मिमी बारिश हुई है।