पाकिस्तानी वायुसेना की एयरस्ट्राइक: अपने ही नागरिकों पर बरसे बम, 30 की मौत

पाकिस्तान से सनसनीखेज़ खबर

पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। पाकिस्तानी वायुसेना ने अपने ही देश के नागरिकों पर बम बरसाए। यह कार्रवाई रविवार तड़के करीब दो बजे की गई।

एयरस्ट्राइक में 30 लोगों की मौत

पाकिस्तानी वायुसेना की इस एयरस्ट्राइक में कम से कम 30 नागरिकों की जान गई है। कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तिराह घाटी पर हमला

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने तिराह घाटी के मत्रे दारा गांव पर आठ एलएस-6 बम गिराए। इससे गांव में भारी तबाही मच गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में मलबे के बीच बच्चों समेत कई शव दिखाई दे रहे हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। अब तक पाकिस्तानी अधिकारियों का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

घायलों का इलाज जारी

बमबारी में घायल हुए लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। वहीं, बचाव दल लगातार मलबे से शवों और घायलों को निकालने में जुटा है। यह घटना पाकिस्तान के अंदरूनी हालात और गहराते संकट को उजागर करती है।

अशांत है खैबर पख्तूनख्वा क्षेत्र

खैबर पख्तूनख्वा प्रांत लंबे समय से अशांत माना जाता है। यहां आतंकवाद विरोधी अभियानों और झड़पों के दौरान पहले भी कई नागरिकों की जान जा चुकी है। पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से अगस्त 2025 के बीच इस इलाके में 605 आतंकवादी घटनाएं दर्ज हुईं। सिर्फ अगस्त में ही 129 घटनाएं हुईं, जो इस क्षेत्र की नाजुक स्थिति को दर्शाता है।