देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मध्य प्रदेश में पिछले 12 घंटों के दौरान भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन सहित 20 से ज्यादा जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है।
राजस्थान के 11 जिलों में तेज आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। एक दिन पहले भी कई जिलों में रुक-रुककर बारिश होती रही। राजधानी जयपुर के एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में पानी भरने से कई सर्जरी प्रभावित हुईं, जबकि चार जिलों में ओलावृष्टि भी हुई।
हरियाणा के हिसार समेत कई क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। भिवानी और रेवाड़ी में बुधवार दोपहर हल्की बारिश के साथ ओले पड़े।
उधर उत्तराखंड के देहरादून सहित पांच पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।