दुनिया के सबसे भव्य आयोजनों में गिने जाने वाला रियो कार्निवल अपने चरम पर पहुंच गया है। 13 फरवरी से शुरू हुआ यह रंगारंग उत्सव विभिन्न शहरों से गुजरते हुए अब रियो डी जेनेरियो में पूरे जोश के साथ मनाया जा रहा है। 21 फरवरी तक चलने वाले इस आयोजन में भारी भीड़ उमड़ रही है और अनुमान है कि इस बार करीब 6.5 करोड़ लोग इसमें हिस्सा लेंगे। देशभर में 4 हजार से ज्यादा कलाकार कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं, जबकि केवल रियो में ही लगभग 80 लाख आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है।
रियो में कार्निवल परेड का मुख्य केंद्र सांबाड्रोम मार्केस दे सपुकाई है, जहां 12 प्रमुख सांबा स्कूल मुख्य प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। इनके अलावा कई अन्य स्कूल अलग-अलग श्रेणियों में प्रदर्शन करते हैं। हर बड़े सांबा स्कूल से हजारों डांसर, संगीतकार, कारीगर, कॉस्ट्यूम डिजाइनर, दर्जी और सेट निर्माता जुड़े होते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक एक उभरते सांबा स्कूल पाड्रे मिगुएल का बजट करीब 190 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
कार्निवल का आर्थिक प्रभाव भी बड़ा है — केवल रियो में ही हर साल करीब 70 हजार अस्थायी रोजगार पैदा होते हैं, जिनमें सुरक्षा, सफाई, फूड स्टॉल, होटल-रेस्तरां स्टाफ और इवेंट मैनेजमेंट से जुड़े काम शामिल हैं।