कराची में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद तीन मंजिला इमारत ढही, 16 लोगों की मौत

कराची के सोल्जर बाजार इलाके में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया, जब एक रिहायशी इमारत में सिलेंडर विस्फोट के बाद तीन मंजिला बिल्डिंग ढह गई। इस दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल कराची में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार घटना सुबह करीब 4:15 बजे सेहरी के समय हुई, जब इमारत की पहली मंजिल पर सिलेंडर फट गया। धमाके के बाद पूरी संरचना भरभराकर गिर गई, जिससे आसपास दहशत फैल गई।

रेस्क्यू अधिकारियों ने बताया कि मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें अर्बन सर्च एंड रेस्क्यू टीम और आपदा प्रतिक्रिया वाहन मौके पर तैनात रहे। संकरी जगह और ढही संरचना के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। अधिकारियों ने पुष्टि की कि विस्फोट ही इमारत गिरने की मुख्य वजह था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे का शिकार हुई इमारत कथित तौर पर अवैध तरीके से बनाई गई थी और उसकी संरचना कमजोर थी। इमारत गिरने से आसपास की बिल्डिंगों को भी नुकसान पहुंचा। मृतकों में आठ नाबालिग, चार महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं, जिनकी उम्र दो से 60 वर्ष के बीच बताई गई है, जबकि घायलों में सात बच्चे भी हैं।

घटना पर मुराद अली शाह ने दुख व्यक्त करते हुए मलबे में फंसे लोगों को तुरंत बचाने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने और घटना के कारणों की जांच के आदेश भी जारी किए।