देश के कई हिस्सों में गर्मी ने समय से पहले ही असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में तापमान 30°C के पार पहुंच चुका है। गुरुवार को हरियाणा के भिवानी और नूंह समेत पांच शहरों में अधिकतम तापमान 30°C से ऊपर दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश में फरवरी में ही अप्रैल जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। कई शहरों में पारा 35°C से ऊपर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17°C के आसपास बना हुआ है। खंडवा और खरगोन में 35.2°C तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने 2 मार्च से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने के संकेत दिए हैं।
राजस्थान में भी गर्मी का दौर तेज हो गया है और अधिकतम तापमान 37°C के करीब पहुंच रहा है। पश्चिमी जिलों के साथ-साथ जयपुर, अजमेर और उदयपुर सहित पूर्वी व उत्तरी हिस्सों में भी दिन का तापमान 31°C से अधिक दर्ज किया गया।
वहीं पहाड़ी राज्यों में ठंड का असर बरकरार है। उत्तराखंड के छह शहरों में तापमान -10°C से नीचे दर्ज हुआ। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी है। हिमाचल प्रदेश में भी अगले चार दिनों तक बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
अगले दो दिन का मौसम
28 फरवरी को पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर तेज हवाओं (30–40 किमी/घंटा) और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। केरल और माहे में भी बिजली गिरने की चेतावनी है, जबकि पंजाब के कुछ इलाकों में सुबह घना कोहरा छा सकता है।
1 मार्च को किसी बड़े अलर्ट की संभावना नहीं है, लेकिन 2 से 4 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में फिर से बारिश या बर्फबारी हो सकती है।