जंतर-मंतर पर आम आदमी पार्टी (आप) की जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने संबोधन किया। इससे पहले पार्टी की नेता आतिशी, गोपाल राय और गोवा प्रदेश अध्यक्ष वाल्मीकि नायक ने मंच से भाजपा की केंद्र व दिल्ली सरकार पर तीखा हमला बोला। गोपाल राय ने राउज एवेन्यू कोर्ट के उन न्यायाधीशों का धन्यवाद किया जिन्होंने केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को आबकारी मामले में बरी किया।
गोपाल राय ने कहा कि भाजपा चाहे किसी भी कोर्ट में जाए, केजरीवाल की छवि खराब नहीं कर सकती। उन्होंने जोर देकर कहा कि केजरीवाल ईमानदार थे, ईमानदार हैं और ईमानदार रहेंगे। जंतर-मंतर पर नौकरी से निकाले गए बस मार्शल, चालक, कंडक्टर तथा मोहल्ला क्लीनिक से हटाए गए डॉक्टर और नर्स भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
ईडी-सीबीआई से टकराने की तैयारी रखनी होगी: सिसोदिया
पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि इसी जंतर-मंतर पर आम आदमी पार्टी का जन्म हुआ था और आज फिर वही जगह पार्टी को मजबूत करने का मंच बनी। उन्होंने लोगों से अपील की कि दिल्ली की तरह अब देश स्तर पर केजरीवाल को प्रधानमंत्री बनाने के लिए संघर्ष करना होगा। सिसोदिया ने कहा कि इसके लिए ईडी, सीबीआई जैसी एजेंसियों से टकराने की तैयारी रखनी होगी।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसभा को संबोधित किया और पार्टी कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। बता दें, दिल्ली की अदालत ने सीबीआई के मामले में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत 23 आरोपियों को बरी कर दिया है।