इजराइल-ईरान जंग का असर: दक्षिण कोरिया का KOSPI 4% गिरा

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच आज 3 मार्च को एशियाई शेयर बाजारों में मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। होली के अवसर पर भारतीय शेयर बाजार बंद हैं।

जापान का Nikkei 225 2.29% गिरकर 56,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। दक्षिण कोरिया का KOSPI 4.03% टूटकर 6,000 के स्तर पर है। चीन का Shanghai Composite 4,180 पर और हांगकांग का Hang Seng Index 26,070 पर लगभग सपाट कारोबार कर रहे हैं। वहीं पाकिस्तान का KSE 30 0.78% चढ़कर 46,688 पर पहुंच गया।

कच्चे तेल की कीमतों में भी तेज उछाल है। Brent Crude आज 3% से ज्यादा चढ़कर 80 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। इससे पहले इसमें 10% की तेजी आई थी। यानी दो दिनों में यह 13% से अधिक उछल चुका है। विशेषज्ञों का मानना है कि तनाव बढ़ने पर कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल तक जा सकती हैं, जिसका असर भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर दिख सकता है।

दिल्ली में पेट्रोल 95 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर 100 रुपए तक पहुंच सकता है, जबकि डीजल 88 से बढ़कर 92 रुपए प्रति लीटर तक जा सकता है। अन्य शहरों में भी इसी तरह बढ़ोतरी की आशंका है।

अमेरिकी बाजार में 2 मार्च को मिला-जुला रुख रहा। Nasdaq Composite 0.36% बढ़कर 22,274 पर बंद हुआ। Dow Jones Industrial Average 73 अंक (0.15%) गिरकर 48,904 पर बंद हुआ। वहीं S&P 500 2 अंक (0.04%) की मामूली बढ़त के साथ 6,881 पर बंद हुआ।

भारतीय बाजार में 2 मार्च को गिरावट रही थी। BSE Sensex 1,048 अंक (1.29%) गिरकर 80,239 पर बंद हुआ, जबकि Nifty 50 313 अंक (1.24%) टूटकर 24,866 पर आ गया।

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 2 मार्च को 3,295 करोड़ रुपए के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 8,593 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। फरवरी में FIIs ने 11,002 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे थे और DIIs ने 17,324 करोड़ रुपए का निवेश किया था। जनवरी 2026 में FIIs ने 41,435 करोड़ रुपए की बिकवाली की थी, जबकि DIIs ने 69,220 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे थे।

पाकिस्तान के बाजार में 2 मार्च को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। KSE 30 4,996 अंक (9.73%) गिरकर 46,326 पर बंद हुआ। भारी बिकवाली के चलते 45 मिनट के लिए ट्रेडिंग रोकनी पड़ी और बाजार में लोअर सर्किट लग गया।