दुबई एयरपोर्ट पर उड़ानें बहाल, मिसाइल का मलबा गिरने के बाद सेवाएं रुकी थीं

 मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव के बीच दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिसाइल का मलबा गिरने से विमानों की उड़ान अनिश्चितकाल के लिए रोक दी गई थी। जिसके कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, इस बीच यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है।

मिसाइल हमले के मलबे के कारण उड़ानों पर लगी रोक को हटा दी गई है। एयरपोर्ट प्रशासन ने आज 7 मार्च से आंशिक रूप से विमानों की आवाजाही फिर से शुरू कर दी है।

एयरलाइन का कहना है कि जिन यात्रियों की शनिवार दोपहर की उड़ान के लिए बुकिंग पक्की हो चुकी है, वे अब हवाई अड्डे जा सकते हैं, लेकिन एयरलाइन स्थिति पर नजर रखना जारी रखेगी।

ईरानी मिसाइल का गिरा था मलबा

बता दें कि दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक, दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ईरानी द्वारा दागी गई मिसाइल का मलबा शनिवार सुबह गिर गया। जिसके बाद एयरपोर्ट से सभी उड़ानें रोक दी गईं। हालात सामान्य होने के बाद उड़ानों को शुरू किया गया है।

एयरपोर्ट ने एक्स पर साझा की जानकारी

एयरपोर्ट ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "आज (7 मार्च ) हमने आंशिक रूप से संचालन फिर से शुरू कर दिया है और कुछ उड़ानें DXB और DWC से संचालित हो रही हैं। कृपया एयरपोर्ट की ओर तब तक न जाएं जब तक आपकी एयरलाइन आपसे संपर्क करके यह पुष्टि न कर दे कि आपकी फ्लाइट कन्फर्म है, क्योंकि उड़ानों का शेड्यूल लगातार बदल रहा है।"