कुल्लू में भारी बारिश और भूस्खलन से हालात बिगड़े, कई घर खाली; 13 सड़कें बंद

हिमाचल के कुल्लू में 24 घंटे से लगातार मूसलाधार बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात जारी है। इससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। हालात ऐसे हैं कि जिले की कुल 13 सड़कें बंद हो गई हैं।

ग्रामीण इलाकों में 216 ट्रांसफॉर्मर ठप पड़ने से अंधेरा छाया हुआ है। भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। भुंतर-मणिकर्ण मार्ग जछनी के पास मलबा आने से अवरुद्ध हो गया है, जहां दलदल में वाहन फंसने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे चिंताजनक स्थिति कुल्लू के इनर अखाड़ा बाजार में बनी हुई है। मठ क्षेत्र से एक बार फिर भूस्खलन शुरू हो गया है।

इससे मद्देनजर प्रशासन ने एहतियातन 15 घरों को खाली करवा दिया है, लेकिन लगातार गिरते मलबे के कारण खतरा अभी भी बरकरार है। सितंबर 2025 की त्रासदी में नौ लोगों की मौत के बाद अब दोबारा भूस्खलन ने लोगों में भय का माहौल और गहरा कर दिया है।

वहीं, मणिकर्ण-बरशैनी मार्ग घटीगढ़ के पास फिर से बंद हो गया है। यह मार्ग पिछले एक वर्ष से बार-बार बाधित हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को लगातार दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। एनएचसी चरण-तीन डैम साइट के पास सड़क बंद होने से स्कूली बच्चों को पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है।

क्षेत्रवार देखें तो बंजार और मनाली में दो-दो, कुल्लू में पांच और निरमंड में चार सड़कें बंद हैं। प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट पर रखा है और उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा ने लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।