बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में अब हर IPL और इंटरनेशनल मैच के दौरान 11 सीटें हमेशा खाली रखी जाएंगी। साथ ही, स्टेडियम के एंट्री गेट पर एक स्मारक पट्टिका लगाई जाएगी और हर मैच से पहले एक मिनट का मौन रखा जाएगा, जिसमें दोनों टीमें हिस्सा लेंगी। यह पहल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन ने पिछले साल हुए भगदड़ हादसे में जान गंवाने वाले 11 लोगों की याद में की है।
4 जून 2025 को RCB की पहली IPL ट्रॉफी जीत के जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी। इस दुखद घटना की स्मृति को जीवित रखने के लिए अब स्टेडियम में उन 11 सीटों को कभी बेचा नहीं जाएगा और इंटरनेशनल मैचों में भी वे खाली रहेंगी।
इसके अलावा, एंट्री गेट के पास लगने वाली स्मारक पट्टिका श्रद्धांजलि का स्थायी प्रतीक बनेगी। हर मैच से पहले पीड़ितों के नाम प्रदर्शित किए जाएंगे और खिलाड़ियों व दर्शकों द्वारा एक मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।
वेंकटेश प्रसाद, जो KSCA के अध्यक्ष हैं, ने कहा कि इस पहल पर काफी समय से चर्चा चल रही थी और इसका उद्देश्य पीड़ितों की याद को सम्मान देना है, न कि पुराने जख्मों को कुरेदना।
यह स्मारक इंग्लैंड के हिल्सबरो मेमोरियल की तर्ज पर बनाया जा रहा है, जिसे 1989 के हिल्सबरो स्टेडियम हादसा में मारे गए 97 फुटबॉल प्रशंसकों की याद में स्थापित किया गया था।
भगदड़ के बाद जस्टिस जॉन माइकल डी कुन्हा कमेटी ने स्टेडियम को बड़े आयोजनों के लिए असुरक्षित बताया था, जिसके चलते यहां मैचों पर रोक लग गई थी और कई बड़े टूर्नामेंट अन्य शहरों में शिफ्ट करने पड़े। हालांकि अब हालात सुधरने के बाद कर्नाटक सरकार ने IPL 2026 के मैचों के आयोजन की मंजूरी दे दी है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा जारी शुरुआती शेड्यूल के अनुसार, बेंगलुरु में कुछ मुकाबले प्रस्तावित हैं, जिनका आयोजन सरकार की अनुमति पर निर्भर रहेगा।