धुरंधर 2 ने 7 दिनों में वर्ल्डवाइड ₹1006.50 करोड़ की कमाई की

रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 (धुरंधर: द रिवेंज) ने सबसे तेज 1000 करोड़ रुपए कमाने के मामले में पुष्पा 2 की बराबरी कर ली। दोनों फिल्मों ने ये आंकड़ा 7 दिनों में पार किया। हालांकि 7 दिनों की कुल कमाई में पुष्पा 2 आगे है, जिसने 1011.65 करोड़ रुपए कमाए थे।

धुरंधर 2 दुनियाभर में कमाई के मामले में 10वीं सबसे ज्यादा कमाई वाली भारतीय फिल्म बन गई। धुरंधर को दुनियाभर में 1000 करोड़ कमाने में 22 दिन लगे थे।

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, रिलीज के सातवें दिन (बुधवार) फिल्म ने भारत में 47.70 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। फिल्म ने दुनियाभर में 1006.50 करोड़ रुपए कमाए।

धुरंधर 2 का भारत में कुल नेट कलेक्शन 623.42 करोड़ रुपए और ग्रॉस कलेक्शन 744.58 करोड़ रुपए हो गया है। ग्रॉस कलेक्शन टिकट से कुल कमाई और नेट कलेक्शन टैक्स के बाद की कमाई होता है। ओवरसीज में फिल्म ने 261.92 करोड़ रुपए कमाए, जिससे वर्ल्डवाइड ग्रॉस 1006.50 करोड़ रुपए पहुंच गया।

सातवें दिन फिल्म के हिंदी वर्जन ने 44.00 करोड़ रुपए की सबसे ज्यादा कमाई की। वहीं, तेलुगु में 2.50 करोड़ रुपए, तमिल में 0.85 करोड़ रुपए, कन्नड़ में 20 लाख रुपए और मलयालम में 15 लाख रुपए का कलेक्शन हुआ।

धुरंधर को शानदार रिस्पॉन्स मिला था

धुरंधर के पहले पार्ट ने भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया था। फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1,307 करोड़ रुपए की कमाई की थी।

भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 1,005.85 करोड़ रुपए रहा, जबकि नेट कलेक्शन लगभग 840 करोड़ रुपए हुआ। वहीं, 894.49 करोड़ रुपए की कमाई के साथ ही यह हिंदी भाषा में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी।

विदेशी बाजारों में भी फिल्म धुरंधर को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। ओवरसीज में इसने करीब 299.5 करोड़ रुपए का कारोबार किया। खासतौर पर अमेरिका और कनाडा में फिल्म ने 193.06 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर बाहुबली 2 का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया था।

दिलचस्प बात यह थी कि फिल्म को शानदार सफलता तब भी मिली, जब इसे खाड़ी देशों में रिलीज की अनुमति नहीं मिली थी। इसके अलावा धुरंधर भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली ‘A’ रेटेड फिल्म भी बनी थी।