मौसम का बदला मिजाज, MP-राजस्थान में बारिश और ओलावृष्टि

वेस्टर्न डिस्टरबेंस ऐक्टिव होने के कारण 30 मार्च से 5 अप्रैल तक कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। सोमवार को मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत 5 राज्यों में बारिश के साथ ओले गिरे। मौसम विभाग के मुताबिक, आज 16 राज्यों में बारिश की संभावना है।

वहीं दिल्ली में मंगवार सुबह धुंध छाई रही। राजस्थान के 6 जिलों में सोमवार शाम बारिश हुई, जिससे तापमान में 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मध्य प्रदेश के 8 जिलों में ओले गिरे। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर समेत चार जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।

हिमाचल प्रदेश के रोहतांग में बर्फबारी हुई। जबकि शिमला के कुमारसैन में भारी बारिश से स्टोन फ्रूट की फसल को नुकसान पहुंचा। लद्दाख के द्रास में ताजा बर्फबारी से तापमान गिरा। उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के तुलैल इलाके में बड़ा एवलांच हुआ है।

बर्फबारी से बांदीपोरा–गुरेज रोड अभी बंद है और बर्फ हटाने का काम जारी है। अगले 24 घंटों में 2400 मीटर से ऊपर एवलांच की चेतावनी है। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग, पहलगाम, गुरेज और सोनमर्ग-जोजिला जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट है।

अगले दो दिन मौसम का हाल-

1 अप्रैल- असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज बारिश की चेतावनी। छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि की चेतावनी। तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, केरल में हल्की बारिश की संभावना।

2 अप्रैल- पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, ओडिशा में हल्की बारिश की संभावना।