बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ का धमाका, ₹1500 करोड़ कमाने वाली चौथी फिल्म

रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने भारत में 961 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन कर लिया है और अब 1000 करोड़ क्लब के बेहद करीब पहुंच गई है। गुरुवार को ही फिल्म ने 19 करोड़ रुपए की कमाई की। जियो स्टूडियोज के मुताबिक, भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 1134 करोड़ रुपए हो चुका है, जबकि ओवरसीज में 367 करोड़ रुपए की कमाई के साथ फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1501 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।

इसी के साथ दंगल, बाहुबली 2 और पुष्पा 2 के बाद ‘धुरंधर 2’ 1500 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार करने वाली चौथी भारतीय फिल्म बन गई है। खास बात यह है कि आमिर खान की ‘दंगल’ के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाली दूसरी बॉलीवुड फिल्म भी है।

फिल्म के पहले पार्ट धुरंधर को भी दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। इसने दुनियाभर में करीब 1307 करोड़ रुपए की कमाई की थी, जिसमें भारत में 1005.85 करोड़ रुपए का ग्रॉस और लगभग 840 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन शामिल था। यही नहीं, 894.49 करोड़ रुपए की कमाई के साथ यह हिंदी में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बनी थी।

विदेशी बाजारों में भी फिल्म की सफलता शानदार रही। ओवरसीज में इसने करीब 299.5 करोड़ रुपए कमाए और अमेरिका-कनाडा में 193.06 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर बाहुबली 2 का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। खास बात यह रही कि खाड़ी देशों में रिलीज की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद फिल्म ने जबरदस्त प्रदर्शन किया और भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली ‘A’ रेटेड फिल्मों में शामिल हो गई।