अली अब्बास जफर ने अपनी अगली फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है, जो फिलहाल अनटाइटल्ड है और यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनाई जा रही है। इस फिल्म में अहान पांडे लीड रोल में नजर आएंगे, जिन्होंने सैयारा से डेब्यू किया था। उनके साथ शरवरी वाघ, ऐश्वर्य ठाकरे और बॉबी देओल भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म की घोषणा करते हुए जफर ने सोशल मीडिया पर “और यह शुरू होता है” लिखते हुए एक तस्वीर साझा की, जिसमें अहान का इंटेंस लुक और क्लैपबोर्ड नजर आ रहा है, जो उनके किरदार की झलक देता है।
यह फिल्म आदित्य चोपड़ा और अली अब्बास जफर की साथ में पांचवीं प्रोजेक्ट होगी। इससे पहले दोनों मेरे ब्रदर की दुल्हन, गुंडे, सुल्तान और टाइगर जिंदा है जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं।
फिल्म को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक, इसमें रोमांस के साथ एक्शन का भी तड़का देखने को मिलेगा। ‘सैयारा’ की सफलता के बाद अहान पांडे को जेन Z के उभरते स्टार के रूप में देखा जा रहा है, वहीं शरवरी वाघ भी 100 करोड़ क्लब की फिल्म का हिस्सा रह चुकी हैं। सूत्रों के अनुसार, दोनों कलाकारों ने अपनी परफॉर्मेंस से दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने की क्षमता दिखाई है, यही वजह है कि बड़े फिल्ममेकर इस नई जोड़ी पर भरोसा जता रहे हैं।