11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

देशभर में गर्मी की शुरुआत के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिल्ली और पंजाब समेत 11 राज्यों में शनिवार को तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मध्य प्रदेश में शुक्रवार को 36 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि आज वहां ओलावृष्टि की आशंका जताई जा रही है।

राजस्थान के रेगिस्तानी जिलों जैसलमेर और बीकानेर में शुक्रवार को जमकर ओले गिरे। अजमेर और ब्यावर में तेज आंधी के कारण पेड़ गिर गए और टीनशेड उड़ गए। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले तीन दिन तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश के कोसीकला स्थित अनाज मंडी में भारी बारिश से करीब 10 हजार बोरियों में रखा 5 हजार क्विंटल गेहूं भीग गया। इससे पहले प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत हो चुकी है।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में तेज तूफान के साथ हल्की बारिश हुई, जबकि लाहौल-स्पीति के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई। वहीं, केदारनाथ में भी शनिवार को ताजा बर्फबारी हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, 5 और 6 अप्रैल को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि हो सकती है, जबकि तमिलनाडु में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।