IPL के 19वें सीजन का पहला डबल हेडर आज खेला जाएगा। दिन का पहला मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में दोपहर 3:30 बजे से होगा, जबकि टॉस 3 बजे होगा। इस मैच में दोनों टीमें जीत के साथ अपनी लय बरकरार रखना चाहेंगी।
मुंबई इंडियंस को इस मुकाबले से पहले बड़ी मजबूती मिली है, क्योंकि न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर टीम से जुड़ गए हैं। वे निजी कारणों से पहला मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन आज प्लेइंग इलेवन में शामिल हो सकते हैं और अल्लाह गजनफर की जगह ले सकते हैं।
दिन का दूसरा मुकाबला गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। इस मैच में भी दोनों टीमें जीत के साथ अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने उतरेंगी।
अगर हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो मुंबई इंडियंस का पलड़ा दिल्ली कैपिटल्स पर भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 37 मैच खेले गए हैं, जिनमें मुंबई ने 21 और दिल्ली ने 16 मुकाबले जीते हैं। हालांकि अरुण जेटली स्टेडियम में मुकाबला काफी करीबी रहा है, जहां दिल्ली ने 7 और मुंबई ने 6 मैच जीते हैं।
दोनों टीमों ने इस सीजन की शुरुआत जीत के साथ की है। मुंबई ने कोलकाता के खिलाफ 221 रन का बड़ा लक्ष्य हासिल किया था, जिसमें रोहित शर्मा और रायन रिकेल्टन की शानदार ओपनिंग साझेदारी रही। वहीं दिल्ली ने लखनऊ के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए आसान जीत दर्ज की थी, जिसमें समीर रिजवी की नाबाद 70 रन की पारी अहम रही।
अरुण जेटली स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। छोटी बाउंड्री के कारण यहां हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। हालांकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है, जबकि बाद में स्पिनर्स का रोल बढ़ जाता है।
मौसम की बात करें तो दिल्ली में आज बारिश की 55% संभावना जताई गई है। तापमान 20 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और हल्की हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे मैच पर असर पड़ सकता है।