बिहार के बाद नीतीश कुमार की दिल्ली पॉलिटिक्स शुरू, राज्यसभा MP के तौर पर ली शपथ; CM पद से देंगे इस्तीफा

 बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद बन गए हैं। आज दिल्ली में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने संसद भवन परिसर में उन्हें शपथ दिलाई।

नीतीश के बाद कौन सीएम बनेगा, इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है। वहीं, इस पर मंथन के लिए दिल्ली में बिहार बीजेपी के कोर ग्रुप की बैठक बुलाई गई है।

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि पटना लौटने के बाद नीतीश कुमार 14 अप्रैल तक मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं और केंद्र की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं, जहां वे पहले भी सक्रिय रहे हैं।

सबसे ज्‍यादा बार सीएम रहने का रिकॉर्ड

साल 2005 से बिहार की सत्ता के केंद्र में रहे नीतीश अब तक 10 बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।

बीजेपी की बैठक में नए सीएम पर होगा मंथन

बिहार में नई सरकार का मुख्यमंत्री चुनने की प्रक्रिया में भाजपा ने आज बिहार कोर ग्रुप की बैठक दिल्ली में बुलाई है।

पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक से पहले अध्यक्ष नितिन नवीन राज्य के नेताओं के साथ बैठकर एक नाम पर सहमति बनाने की कोशिश कर रहे हैं।