अब बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसआरपी) के किसी भी वाहन का प्रदूषण प्रमाण पत्र (पीयूसी) नहीं बनाया जाएगा।
परिवहन विभाग द्वारा 15 अप्रैल से लागू किए गए इस नए नियम के बाद उन लाखों वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, जिन्होंने अब तक अपनी गाड़ियों पर एचएसआरपी नहीं लगवाई है। इसी कड़ी में बुधवार को नौतनवा के गांधी चौक पर पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।
बिना हेलमेट चलने, बाइक पर तीन सवारी बैठाने, जरूरी कागजात न रखने और अन्य नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान काटे गए। चेकिंग के दौरान कुल 70 वाहन चालकों का चालान किया गया।
पुलिस ने मौके पर ही चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट पहनने और निर्धारित संख्या में ही सवारी बैठाने की हिदायत दी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक को रोककर जांच की गई। वाहन पर वैध नंबर प्लेट नहीं थी और चालक संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बाइक को सीज कर दिया।