हापुड़ के कोतवाली क्षेत्र में स्थित दो कंपनियों के कर्मचारियों ने वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर अचानक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते हालात तनावपूर्ण हो गए और कामकाज ठप पड़ गया। बढ़ते हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया।
कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से वेतन वृद्धि की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी अनदेखी से नाराज होकर उन्होंने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और जोरदार नारेबाजी की। उनका आरोप है कि मौजूदा वेतन में गुजारा करना मुश्किल हो गया है, बावजूद इसके उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने साफ कहा कि जब तक वेतन बढ़ोतरी को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य कर दिया है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।