चारधाम यात्रा आज से शुरू, 18.25 लाख श्रद्धालुओं ने कराया रजिस्ट्रेशन

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा शनिवार से विधिवत शुरू हो रही है। पुष्कर सिंह धामी ऋषिकेश से 10 बसों को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के लिए रवाना करेंगे। ये श्रद्धालु 19 अप्रैल को कपाट खुलने के समय मौजूद रहेंगे। इस साल यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, अब तक करीब 18.25 लाख श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं, जबकि पिछले साल यह संख्या 23 लाख थी।

यात्रियों की सुविधा के लिए ऋषिकेश और हरिद्वार में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन काउंटर भी शुरू कर दिए गए हैं। सबसे पहले मध्य प्रदेश के शहडोल से आए 100 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया, जो यमुनोत्री और गंगोत्री के दर्शन करेंगे।

यात्रा के दौरान कुछ अहम नियम भी लागू किए गए हैं। बद्रीनाथ और केदारनाथ मंदिर में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक रहेगी, जबकि हिंदू, बौद्ध, सिख और जैन धर्म के लोग दर्शन कर सकेंगे। केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह में गंगाजल और फूल चढ़ाने की अनुमति नहीं होगी, और विशेष पूजा का समय भी रात 11 बजे से सुबह 4 बजे के बीच तय किया गया है।

यात्रा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुबह 4 बजे से रात 10 बजे तक ही रहेगी। प्रशासन ने पूरे रूट को 16 सुपर जोन में बांटकर 54 हजार वाहनों के लिए 118 पार्किंग की व्यवस्था की है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 80 भूस्खलन संभावित स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां इमरजेंसी टीमें तैनात रहेंगी।

इसके अलावा, केदारनाथ की पैदल यात्रा से पहले बुजुर्गों और बीपी के मरीजों की गौरीकुंड में स्वास्थ्य जांच की जाएगी। साथ ही 48 हाल्टिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जहां किसी आपदा की स्थिति में करीब 1.18 लाख लोगों को सुरक्षित ठहराया जा सकता है।