देश के आधे से ज्यादा राज्यों में हीटवेव जारी है। बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कई शहरों में पारा 40°C से 45°C के बीच बना हुआ है।
महाराष्ट्र का वर्धा और ओडिशा का झारसुगुड़ा बुधवार को 44.6°C तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं देश के 16 शहरों में पारा 43°C से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।
हीटवेव को देखते हुए ओडिशा सरकार ने दोपहर के समय जनगणना प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। यानी फील्ड स्टाफ सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के दौरान सड़कों पर नहीं भटकेंगे।
राजस्थान और यूपी में ठंडक के लिए सड़कों पर पानी की फुहारें छोड़ी जा रही हैं। बीकानेर, ग्वालियर के जू में जानवरों को गर्मी से बचाने के लिए कूलर लगाए गए हैं।
इधर, दिल्ली के स्कूलों में वॉटर बेल सिस्टम लागू किया जाएगा। हर 45 से 60 मिनट में घंटी बजाई जाएगी, ताकि छात्रों को पानी पीने की याद दिलाई जा सके और डिहाइड्रेशन से बचाया जा सके।
पूर्वोत्तर के 7 राज्यों में आंधी-बारिश, महाराष्ट्र-कर्नाटक में ओले गिरने का अलर्ट
देश के पूर्वोत्तर में सिक्किम, अरुणाचल, मेघालय, मणिपुर, नगालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में आंधी बारिश का अलर्ट है। तटीय राज्यों आंध्र प्रदेश, कोस्टल कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, कोंकण गोवा के अलावा तेलंगाना में आंधी-बारिश के साथ उमस भरा मौसम रहेगा। महाराष्ट्र और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में ओले गिरने का अलर्ट है।
अगले 2 दिन के मौसम का हाल
24 अप्रैल:
गुजरात, कर्नाटक और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम होगा। तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बिजली गिरने की संभावना है।
25 अप्रैल:
छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना है।
आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गुजरात, ओडिशा और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है।