मौसम विभाग के अलर्ट के बाद सोमवार की शाम दिल्ली-एनसीआर के मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी का दौर शुरू हो गया। तेज हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। सड़क पर चलना मुश्किल होने लगा।
मौसम की इस स्थिति के पीछे सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) को मुख्य कारण माना जा रहा है। इसके प्रभाव से पाकिस्तान और राजस्थान के थार मरुस्थल से उठी धूल भरी हवाएं दिल्ली-एनसीआर तक पहुंची हैं।
आंधी के साथ तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सती हैं। नोएडा में गगनचुंबी इमारतों के शीशों से हवाए तेजी से टकराईं। इस दौरान कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी प्रभावित होने की सूचना आई।
मौसम विभाग के अनुसार, आंधी के बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।