उत्तर, मध्य और दक्षिण भारत के कई राज्यों में मौसम लगातार बदला हुआ है। बुधवार को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में बारिश दर्ज की गई। बिहार, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई।
बिहार की राजधानी पटना में बुधवार रात तेज बारिश के दौरान दिल्ली से पटना जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट टर्बुलेंस में फंस गई। अचानक आए झटकों से विमान में अफरा-तफरी मच गई और यात्री घबरा गए। बाद में सुरक्षा के मद्देनजर फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट किया गया। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।
उत्तर प्रदेश में मौसम बदलने से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, लेकिन आज भी 44 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिहार में बिजली गिरने की घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई।
देश के सबसे गर्म शहरों में गुजरात का राजकोट सबसे ऊपर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। महाराष्ट्र के वाशिम में 42.6 डिग्री और राजस्थान के फलोदी में 42.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
राजस्थान की राजधानी जयपुर समेत कई जिलों में बुधवार को तेज धूप और गर्मी का असर बना रहा। गर्मी से राहत देने के लिए जयपुर में सड़कों पर पानी का छिड़काव किया गया। मौसम विभाग ने 8 मई से प्रदेश में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है।
उत्तराखंड में केदारनाथ धाम और आसपास की ऊंची पहाड़ियों पर लगातार चौथे दिन बर्फबारी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
अगले दो दिनों का मौसम अपडेट
8 मई:
असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। यूपी, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
9 मई:
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी और राजस्थान में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।