मेडिकल के स्नातक कोर्सों में दाखिले से जुड़ी परीक्षा नीट-यूजी (नेशनल एलिजविलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट- अंडर ग्रेजुएट) में गड़बड़ी व कथित पेपर लीक मामले के तूल पकड़ते देख नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट यूजी परीक्षा 2026 को रद कर दिया है। इसके साथ ही पेपर लीक की जांच को CBI को सौंप दिया गया है।
सीबीआई करेगी जांच
नीट यूजी परीक्षा का आयोजन 3 मई को देशभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर करवाया गया था। इसके बाद परीक्षा में कई गड़बड़ियां देखने को मिली। एडिशनल डीजीपी (SOG) विशाल बंसल ने जानकारी दी थी इस परीक्षा के लिए जांच कर रहे अधिकारियों को परीक्षा से कुछ दिन पहले प्रसारित किए गए 400 से अधिक प्रश्नों का एक सेट मिला है, जिनमें से 100 से अधिक जीव विज्ञान और रसायन विज्ञान के प्रश्न नीट परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से काफी मिलते-जुलते हैं। तलाशी और पूछताछ के आधार पर पता चला कि इसमें गहरी सांठगांठ रही है। जिसके बाद यह परीक्षा को कैंसल करने का कदम उठाया गया है।राजस्थान SOG ने इस मामले में 45 लोगों को हिरासत में लिया है।
केमिस्ट्री के सभी 45 सवाल सेम
आपको बता दें कि लीक हुए पेपर में 180 में से 135 सवाल हूबहू थे। इसके अलावा केमिस्ट्री के सभी 45 सवाल लीक हुए।
एनटीए ने किया ट्वीट
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने ट्वीट करते हुए जानकारी दी है कि 10 मई 2026 की प्रेस विज्ञप्ति के क्रम में, नीट (यूजी) 2026 के संबंध में लिए गए निम्नलिखित निर्णयों के बारे में उम्मीदवारों, अभिभावकों और आम जनता को सूचित कर रहे हैं। एनटीए ने 8 मई 2026 को विचाराधीन मामलों को संदर्भित किया था। इसके बाद अब परीक्षा को रद कर दिया गया है।
एनटीए दोबारा करवाएगा परीक्षा
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा अब परीक्षा रद करने के बाद दोबारा एग्जाम का आयोजन करवाया जायेगा। परीक्षा के लिए नई एग्जाम डेट, एडमिट कार्ड, सिटी इंटीमेशन स्लिप आदि डेट्स की जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी। आपको बता दें कि 3 मई को होने वाली परीक्षा में 22 लाख से अधिक स्टूडेंट्स ने भाग लिया था। अब इन सभी को नए सिरे से परीक्षा की तैयारी करनी होगी। एग्जाम के लिए छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।