खिलाड़ी, उनके परिवार के सदस्य और ब्रॉडकास्टिंग टीम से जुड़े पूर्व क्रिकेटर अब IPL मैचों के दौरान रील या वीडियो नहीं बना सकेंगे और न ही सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पाएंगे। नियम तोड़ने पर बोर्ड ने जुर्माना और कानूनी कार्रवाई तक की चेतावनी दी है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एंटी-करप्शन और सुरक्षा प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए यह सख्त गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी तरह की रील या वीडियो शूटिंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, BCCI की एंटी-करप्शन यूनिट (ACU) ने हाल ही में कई मामलों में नियमों के उल्लंघन की पहचान की है। इनमें खिलाड़ी, कमेंटेटर और ब्रॉडकास्टिंग से जुड़े पूर्व क्रिकेटर भी शामिल बताए जा रहे हैं। बोर्ड ने साफ किया है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन न करने पर सख्त कार्रवाई होगी।
कुछ मामलों में यह भी सामने आया है कि पूर्व क्रिकेटर मैच के दौरान डगआउट के पास वीडियो बनाते पाए गए, जिस पर तुरंत रोक लगाई गई। वहीं, एक अन्य मामले में मैदान पर यूट्यूब कंटेंट शूटिंग को लेकर भी आपत्ति जताई गई है।
बोर्ड की चिंता यह भी है कि खिलाड़ी सोशल मीडिया पर तेजी से कंटेंट साझा कर रहे हैं, जिससे टीम की रणनीति और प्राइवेसी पर असर पड़ सकता है। कई बार इससे प्लेइंग-11 या टीम रणनीति से जुड़ी जानकारी भी लीक होने का खतरा रहता है।
इसके अलावा खिलाड़ियों के परिवार के सदस्यों और इन्फ्लुएंसर्स पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। टीम होटल, बस और अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों में सिर्फ अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
BCCI ने स्पष्ट किया है कि ये नियम सिर्फ IPL ही नहीं, बल्कि अन्य घरेलू टी20 लीगों में भी लागू रहेंगे ताकि सुरक्षा और एंटी-करप्शन व्यवस्था मजबूत बनी रहे।