नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत काम करने वाली एक स्वायत्त परीक्षा संस्था है, जिसकी स्थापना वर्ष 2017 में हुई थी। यह एजेंसी देश की कई बड़ी प्रवेश परीक्षाएं आयोजित करती है, जिनमें NEET-UG, JEE Main, CUET, UGC-NET, CMAT और GPAT शामिल हैं। NTA ने पहली बार जनवरी 2019 में JEE Main परीक्षा का आयोजन कराया था।
NEET (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट) देशभर के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली राष्ट्रीय परीक्षा है। इसकी शुरुआत 2013 में हुई थी। इसी परीक्षा के जरिए सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में MBBS, BDS, आयुष (BAMS, BHMS) और नर्सिंग जैसे कोर्सेज में दाखिला मिलता है। AIIMS और JIPMER जैसे प्रतिष्ठित संस्थान भी NEET के जरिए ही एडमिशन देते हैं। वर्तमान में देश में 1 लाख से ज्यादा MBBS और करीब 27 हजार BDS सीटें उपलब्ध हैं।
साल 2024 में भी NEET-UG परीक्षा पेपर लीक विवादों में घिर गई थी। 5 मई 2024 को हुई परीक्षा के बाद 6 मई को NTA ने पेपर लीक से इनकार किया था, लेकिन बाद में बिहार के पटना और झारखंड के हजारीबाग में जांच के दौरान पेपर लीक के सबूत मिले और कई गिरफ्तारियां हुईं। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, हालांकि कोर्ट ने पूरी परीक्षा रद्द करने से इनकार कर दिया था। इसके बजाय कुछ परीक्षा केंद्रों के 1539 उम्मीदवारों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित कराई गई थी। इसके अलावा 67 छात्रों के 720 में से 720 अंक हासिल करने और एक ही सेंटर से कई टॉपर्स आने को लेकर भी बड़ा विवाद हुआ था।