उत्तर भारत में बढ़ेगा गर्मी का कहर, 10 दिन तक सूखी हवाओं का अलर्ट

देश में गर्मी अपने पीक पर है। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र और गुजरात समेत देश के 10 राज्यों में अगला एक हफ्ता पूरी तरह सूखा रहेगा।

एजेंसी के मुताबिक इस दौरान सूखी-गर्म हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान भी 45°C या उससे ज्यादा बना रहेगा। वेस्टर्न डिस्टर्वेंस भी कमजोर है और फिलहाल कोई वेदर सिस्टम भी नहीं है। ऐसे में बारिश की कोई संभावना नहीं है।

मंगलवार को MP, UP, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और महाराष्ट्र के 22 शहरों में तामपान 45°C से ज्यादा रहा था। इधर UP का बांदा मंगलवार को लगातार तीसरे दिन देश में सबसे गर्म शहर रहा।

यहां तापमान 48.2°C था। बीते दो दिन भी तापमान 46°C से ज्यादा रहा था। बांदा में 15 मई 2022 को तापमान 49°C रहा था। यह यहां के इतिहास में सबसे ज्यादा था। पूरे यूपी की बात करें तो 22 जिलों में पारा 40°C रहा है।

दिल्ली में चौथा हीटवेव डे- दिल्ली में मंगलवार को इस साल का चौथा हीटवेव डे दर्ज किया गया। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 45.1°C रहा, जबकि रिज इलाका 46.5°C के साथ सबसे गर्म रहा।

पंजाब-हरियाणा में रिकॉर्ड गर्मी- पंजाब के फरीदकोट में तापमान 47.3°C पहुंच गया। हरियाणा के रोहतक में 46.9°C और नारनौल में 45°C तापमान दर्ज हुआ। चंडीगढ़ में पारा 43.2°C तक पहुंच गया, जो सामान्य से 4°C ज्यादा है।

शहरों में फील टेंपरेचर 4°C तक अधिक

वास्तविक तापमान और फील टेंपरेचर में हर शहर में औसत 2°C से 4°C तक का अंतर है। क्लाइमेट एक्सपर्ट के मुताबिक, मौसम विभाग जो तापमान बताता है, लोगों को उससे कहीं ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है। इसका सबसे बड़ा कारण तेजी से होता शहरीकरण है। इससे तापमान में उछाल आ रहा है। फील फैक्टर तेजी से बढ़ता जा रहा है।

अगले दो दिन के मौसम का हाल

21 मई:

राजस्थान, छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में हीटवेव चलेगी। यहां रात में भी हीटवेव जैसे हालात रहेंगे।

असम, मेघालय, केरल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और तमिलनाडु में बारिश का अनुमान है।

22 मई:

छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में हीटवेव का अलर्ट है। ओडिशा में गर्म और उमस रहेगी।

अंडमान-निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम-त्रिपुरा में बारिश का अलर्ट है।

बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ बारिश संभव।

मानसून की दक्षिण अरब सागर में एंट्री

भारत को भिगोने वाले दक्षिणी-पश्चिमी मानसून ने मंगलवार को कोमरिन सागर, श्रीलंका, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी भाग के कुछ और हिस्सों को कवर कर लिया। यह दक्षिण अरब सागर में प्रवेश कर गया। 2-3 दिन में लक्षद्वीप समूह के मिनिकॉय द्वीप पहुंचने की संभावना है।