25 मई से नौतपा शुरू हो रहे हैं, लेकिन उससे पहले ही तापमान 48°C पहुंच गया है। यह आंकड़ा उत्तर प्रदेश के बांदा में रिकॉर्ड हुआ। तापमान के लिहाज से 20 मई को बांदा दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा।
बांदा से ज्यादा तापमान केवल मिस्र के असवान में 49.4°C और सऊदी अरब के अराफात में 48.4°C रिकॉर्ड किया गया। दुनियाभर में सबसे ज्यादा तापमान की लिस्ट में खजुराहो 47.4°C के साथ चौथे नंबर पर रहा।
बुधवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, ओडिशा और महाराष्ट्र के 16 शहरों में भी तापमान 46°C से ज्यादा रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक पाकिस्तान के बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आ रही सूखी और गर्म हवाएं सीधे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पहुंच रही हैं। इससे मई के आखिरी हफ्ते या जून वाली गर्मी अभी से महसूस हो रही है।
महाराष्ट्र के वर्धा में 47.1°C, हरियाणा के रोहतक में 46.9°C, महाराष्ट्र के नागपुर में 46.6°C और मध्य प्रदेश के नौगांव में भी पारा 46.6°C तक पहुंच गया।
हेल्थ अलर्ट: प्यास न लगे तो भी थोड़ा-थोड़ा पानी पियें
एम्स दिल्ली में मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. नीरज निश्चल के मुताबिक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक की धूप से बचें। बुजुर्ग, बच्चे और पहले से बीमार लोगों को ऐसी गर्मी से ज्यादा खतरा है।
जब प्यास न भी लगे, गला न सूखे, फिर भी पानी पीते रहें। दिनभर में 4 लीटर पानी पियें। गर्मी के घंटों के दौरान कोई भी शारीरिक मेहनत का काम न करें। ढीले और हल्के रंग के कपड़े ही पहनें।
देश में बांदा ही सबसे गर्म क्यों
बांदा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिनेश के मुताबिक देश में बांदा में सबसे ज्यादा तापमान होने के पीछे मुख्य कारण इसका कर्क रेखा के नजदीक होना है। इसके अलावा सीधी धूप, साफ आसमान, मिट्टी में नमी की कमी वाला पठारी इलाका, सूखती नदियां, जंगलों की कटाई और खनन शामिल हैं।
मानसून एक जगह पर अटका
मानसून का आगे बढ़ना भी रुक गया है। फिलहाल वह तीन दिन से एक ही स्थान अंडमान-निकोबार और कोलंबो के आसपास अटका हुआ है। इसे आगे बढ़ने के लिए कोई भी ताकत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार से पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में मौसम बदलने लगेगा।
अरुणाचल, असम, मेघालय में कुछ जगह भारी से भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, लक्षद्वीप, कर्नाटक के कुछ हिस्सों में 24 मई तक बारिश का अच्छा दौर रह सकता है। बाकी देश तपता रहेगा।
अगले दो दिन के मौसम का हाल
22 मई:
राजस्थान, यूपी, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली और पंजाब में हीटवेव का अलर्ट।
बिहार में बारिश का ऑरेंज अलर्ट। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओले गिर सकते है।
23 मई:
राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट है। रातें भी गर्म रहेंगी। छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी हीटवेव चलेगी।
असम, मेघालय, केरल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश का अनुमान है।