60 साल में पहली बार अल-अक्सा मस्जिद ईद पर बंद

दुनियाभर में ईद का जश्न शुरू हो चुका है। मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच पिछले 22 दिनों से जंग चल रही है। ऐसे में 60 साल में पहली बार इजराइल के यरुशलम में अल-अक्सा मस्जिद को ईद की नमाज के लिए बंद कर दिया गया है।

1967 के अरब-इजराइल युद्ध के बाद पहली बार है, जब अल-अक्सा को पूरी तरह बंद किया गया है। यह मुसलमानों के लिए मक्का और मदीना के बाद तीसरा सबसे पवित्र स्थल है।

ईरान में शुक्रवार को ईद मनाया गया। इस मौके पर बाजार वीरान नजर आए। वहीं कतर, UAE और कुवैत जैसे खाड़ी देशों में आज ईद मनाया जा रहा है। जंग की वजह से इन देशों में खुले मैदानों में नमाज पढ़ने पर रोक लगा दी गई है।

यरुशलम में आम लोगों की एंट्री बंद

28 फरवरी से अमेरिका और इजराइल के ईरान के खिलाफ शुरू हुए युद्ध के बाद, सुरक्षा कारणों से इजराइली अधिकारियों ने यरुशलम में आम लोगों की एंट्री बंद कर रखी है। सिर्फ वहां रहने वाले लोग या दुकानदार ही अंदर जा सकते हैं।

6 मार्च से वेस्टर्न वॉल, अल-अक्सा मस्जिद और चर्च ऑफ द होली सेपल्कर जैसे सभी धार्मिक स्थल बंद हैं। पूरे देश में भीड़ पर भी पाबंदी है। मस्जिद के अंदर 100 और बाहर 50 लोगों तक ही इकट्ठा होने की अनुमति है।

यरुशलम के पुराने शहर के गेट पर शुक्रवार को ईद-उल-फितर की नमाज के दौरान सैकड़ों मुस्लिम नमाजियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। नमाजी ‘अल्लाहु अकबर’ और कलमा पढ़ते हुए गेट के अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने सैकड़ों लोगों को जबरदस्ती हटाया।

ईरान: इजराइली हमले में मारी गई बच्चों को श्रद्धांजलि

ईरान में इस बार ईद उल फितर का त्योहार जंग और तनाव के साये में मनाया गया। रमजान खत्म होने के बाद देशभर में लोगों ने मस्जिदों और धार्मिक स्थलों पर नमाज अदा की।

युद्ध और हमलों के कारण कई जगहों पर जश्न सादगी से मनाया गया। बाजारों में भी रौनक कम रही और कई दुकानें बंद दिखीं।

UAE: ईद के मौके पर चहल-पहल में कमी दिखी

UAE में ईद-उल-फितर के मौके पर शुक्रवार से सोमवार तक 4 दिन की छुट्टी का ऐलान किया गया है। पूरे देश में बाजार, मॉल और सार्वजनिक जगहों पर लाइटिंग और सजावट की गई और लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था पहले से ज्यादा कड़ी कर दी गई है।

ईराक: लोगों ने खामेनेई को याद किया

ईराक में इस बार ईद उल फितर डर और तनाव के माहौल में मनाई जा रही है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर यहां के लोगों की भी जिंदगी पर हुआ है।

बाहर का माहौल पहले जैसा नहीं है। बड़े आयोजन और भीड़-भाड़ वाले जश्न अब कम हो गए हैं। लोग भीड़ से बच रहे हैं और बाहर निकलने में सावधानी बरत रहे हैं।

पहले जहां बच्चे मोहल्लों में घूमकर ईदी इकट्ठा करते थे, अब ऐसे नजारे कम दिखाई दे रहे हैं क्योंकि सुरक्षा चिंता ज्यादा है।

लेबनान: शेल्टर के पास घूमते दिखे लोग

लेबनान में ईद के मौके पर अलग-अलग माहौल है। उत्तरी लेबनान में जहां एक तरफ लोग ईद-उल-फितर की तैयारी कर रहे हैं, वहीं दक्षिण लेबनान में हजारों शरणार्थी अपने घरों से दूर रहकर ईद मना रहे हैं।

इजराइल ने ईरान पर हमला करने के बाद लेबनान के दक्षिणी शहरों में भी हमले तेज कर दिए हैं। अब तक यहां पर 1000 से ज्यादा लोग मारे गए हैं।

ईद पर पाक-अफगान युद्ध 4 दिन के लिए रुका

पाकिस्तान और अफगानिस्तान ने ईद-उल-फितर के अवसर पर जंग में अस्थायी विराम की घोषणा की। जंग को 5 दिनों के लिए रोक दिया गया है। यह कदम सऊदी अरब, तुर्किए और कतर की अपीलों के बाद उठाया गया है।

सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार नेप कहा कि यह सीजफायर 18/19 मार्च की रात से 23/24 मार्च की रात तक लागू रहेगा। हालांकि, किसी भी सीमा पार हमले, ड्रोन हमले या पाकिस्तान में आतंकवादी घटना होने पर ऑपरेशन तुरंत फिर से शुरू कर दिया जाएगा।

ईद पर विशेष उड़ानें

जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब और ओमान के लिए नियमित और विशेष उड़ानें संचालित करेंगी।

एयरलाइनों के मुताबिक, कुछ उड़ानें फिलहाल अस्थायी रूप से बंद हैं, लेकिन यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

दोनों एयरलाइनों ने यह भी बताया कि जेद्दा (सऊदी अरब) और मस्कट (ओमान) के लिए नियमित उड़ानें जारी रहेंगी। इसमें भारत और जेद्दा के बीच करीब 16 उड़ानें शामिल हैं।

एयरलाइनों का कहना है कि हालात को देखते हुए आगे की योजना में जरूरत के अनुसार बदलाव किया जा सकता है।


...

देशभर में नवरात्रि उत्सव: देवी मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

देशभर में नवरात्रि का उत्सव मनाया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के कटरा में बारिश के बीच भक्त दर्शन करने पहुंचे। वहीं यूपी में भी बड़े मंदिरों में भीड़ नजर आ रही है।

उधर महाराष्ट्र में गुड़ी पड़वा उत्सव मनाया जा रहा है। नागपुर में सीएम देवेंद्र फडणवीस भी हिंदू नव वर्ष के कार्यक्रम में शामिल हुए। उधर पीएम ने देशवासियों को नवरात्रि और नव वर्ष पर 9 अलग-अलग तरह से पोस्ट कर बधाई दी।


...

केदारनाथ रावल उत्तराधिकारी विवाद: मंदिर समिति और परंपराओं पर उठे सवाल

केदारनाथ रावल भीमाशंकर लिंग की ओर से परंपरा के विपरीत नांदेड़ में अपना उत्तराधिकारी घोषित कर उसका पट्टाभिषेक किया जाना और इस समारोह में बाबा केदार की रूप छड़ी की मौजूदगी ने रावल की भूमिका पर तो सवाल खड़े किए ही हैं, मंदिर समिति को भी कटघरे में ला दिया है।

बड़ा सवाल यह है कि मंदिर समिति के कर्मचारी बिना बोर्ड की मंजूरी के किसकी अनुमति से रूप छड़ी नांदेड़ ले गए।

हालांकि, इस संबंध में मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कड़ा रुख अपनाया है और प्रकरण से धर्मस्व मंत्री के साथ मुख्यमंत्री को भी अवगत कराया गया है।

परंपरा के अनुसार रावल का पद रिक्त होने की स्थिति में ही केदारनाथ धाम के नये रावल की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाती है और इसमें हक-हकूकधारी व दस्तूरदार अहम भूमिका निभाते हैं।

इसी आधार पर आठ सितंबर 2000 को रावल के पद पर भीमाशंकर लिंग का पट्टाभिषेक किया गया था। दरअसल, 21 सितंबर 1990 को तत्कालीन रावल सिद्धेश्वर लिंग ने गिरते स्वास्थ्य का हवाला देते हुए एक चेला दीक्षित करने की अनुमति मांगी थी।

हालांकि, उन्होंने त्यागपत्र वर्ष 2000 में दिया। इसके बाद रावल पद के लिए समाचार पत्रों में विज्ञापन जारी किया गया और तीन अभ्यर्थी चयन समिति के समक्ष उपस्थित हुए।

उनमें से सिद्धेश्वर लिंग के दीक्षित शिष्य भीमाशंकर लिंग को पद के लिए उपयुक्त पाया गया। जबकि, अब रावल भीमाशंकर लिंग ने परंपराओं को दरकिनार कर न केवल अपने उत्तराधिकारी का चयन कर दिया, बल्कि उसका पट्टाभिषेक भी कर दिया गया।

विवादों में हिमवंत केदार वैराग्य पीठ

अभिलेखों में उल्लेख है कि मंदिर समिति की भूमि पर ‘हिमवंत केदार वैराग्य पीठ’ का निर्माण किया गया है, जिस पर मंदिर समिति ने आपत्ति जताई है।

इस पीठ का उल्लेख शीतकालीन पूजा स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के स्थान पर भी हुआ है।

इसके अलावा फरवरी 2026 में एक निजी कार्यक्रम के दौरान रावल भीमाशंकर लिंग की ओर से अपने शिष्य केदार लिंग को अगला रावल घोषित किए जाने का मामला भी सामने आया था।

इसे मंदिर अधिनियम के प्रविधानों के विपरीत बताते हुए मंदिर समिति ने नोटिस जारी कर रावल से स्पष्टीकरण मांगा है।

ईश्वर लिंग प्रकरण

ईश्वर लिंग की नियुक्ति वर्ष 2016 में स्वयं रावल की संस्तुति पर ‘वीरेश्वर पुजारी’ के रूप में हुई थी। बताया गया कि सात जुलाई 2024 को रावल ने समिति को पत्र लिखकर ईश्वर लिंग को हटाने और उनकी जगह शांत लिंग को नियुक्त करने का प्रस्ताव भेजा, जिसे विवादास्पद माना गया।

मंदिर समिति ने पाया कि ईश्वर लिंग ने कोविडकाल में भी निष्ठापूर्वक सेवाएं दी और वे वीर शैव जंगम परंपरा सहित सभी पारंपरिक योग्यताओं को पूरा करते हैं।

इसी कड़ी में बीते 10 मार्च को आयोजित बोर्ड बैठक में समिति ने रावल के विरोध को दरकिनार करते हुए ईश्वर लिंग को रिक्त पुजारी पद पर स्थायी नियुक्ति प्रदान करने का संकल्प पारित किया।

ऐसे नियुक्त होता है नया रावल

रावल की मृत्यु अथवा स्वास्थ्य खराब होने की दशा में त्यागपत्र देने पर मंदिर समिति की ओर से चयन प्रक्रिया शुरू की जाती है।

इसके लिए चयन समिति (जिसमें समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मुख्य कार्याधिकारी और अन्य सदस्य शामिल होते हैं) उम्मीदवारों का परीक्षण करती है।

रावल के लिए पात्रता: वीरशैव जंगम परंपरा का होना, धार्मिक दीक्षा (दीक्षित चेला), शैव परंपराओं और पूजा-पद्धति का ज्ञान और ब्रह्मचर्य एवं धार्मिक आचार का पालन। चयन के बाद मंदिर समिति की स्वीकृति से रावल की औपचारिक नियुक्ति की जाती है।

चयन प्रक्रिया: समाचार पत्रों मे विज्ञप्ति जारी की जाती है, दक्षिण भारत के स्थानीय समाचार पत्रों में भी यह विज्ञप्ति प्रकाशित कर आवेदन मांगे जाते हैं।

नियुक्ति की प्रक्रिया: श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर अधिनियम 1939 (संशोधित) के प्रविधानों के अनुसार संपन्न होती है। इस अधिनियम के तहत मंदिर के प्रशासन और नियुक्तियों का अधिकार मंदिर समिति को प्राप्त है।


...

क्यों मिलती है मंदिर जाने से अद्भुत शांति? जानिए क्या है इसके पीछे वैज्ञानिक, वास्तुकला एवं आध्यात्मिक रहस्य ?

उपभोक्ता जनघोष:जब कभी जीवन में कुछ समझ नहीं आता और संघर्षों से मन हारता जाता है तो कदम खुद ब खुद मंदिर की ओर चल पड़ते हैं। लेकिन क्या कभी सोचा है कि परेशानियों के झंझट में लड़खड़ाता मन मंदिर में जाकर क्यों स्थिर हो जाता है।  

आइए जानते है कुछ मुख्य बिंदु  

सबसे पहले दर्शन और पूजन का वैज्ञानिक स्वरूप बताया। उन्होंने कहा कि हमारे देश में प्राचीन मंदिर धरती के धनात्मक यानी पॉजिटिव ऊर्जा केंद्रों पर बनाये गए हैं। ये मंदिर आकाशीय ऊर्जा के ग्रिड हैं। भक्त मंदिर में नंगे पैर होता है। इससे उसके शरीर में अर्थ प्रवाहित होने लगता है। जब हाथ जोड़ता है तो शरीर का ऊर्जा चक्र चलने लगता है। देव प्रतिमा के आगे सिर झुकाता है तो प्रतिमा से परावर्तित होने वाली पृथ्वी व आकाशीय तरंगे मस्तक पर पड़ती हैं और मस्तक पर स्थित आज्ञा चक्र पर प्रभाव डालती है। जिससे सकरात्मक विचार आते हैं। भक्त अपने अंदर एक विशेष ऊर्जा और हल्केपन तथा शांति का अनुभव करने लगता है।।

मंदिर के शिखर का भी विशेष महत्व होता है। मंदिर के शिखर की भीतरी सतह से ऊर्जा ध्वनी एवं तरंगें टकरा कर  मनुष्य को प्रभावित करती हैं। ये परावर्तित तरंगें मानव तन की प्राकृतिक आवृति बनाये रखने में भी सहायक सिद्ध होती है।  ध्वनि, प्रकाश, वायु आदि सभी मे तरंगें होती हैं। कोई भी तरंग सीधी रेखा में नही चलती सभी की अपनी आवृति होती है। विस्फोट होता है। ये जितनी अधिक शक्तिशाली होगी उसका उतना ही अधिक क्रिया क्षमता पर असर पड़ेगा। मन्दिरों में शंख, घण्टे और मन्त्रों की ध्वनि में एक विशेष आवृति बनती है। वह दैवीय ऊर्जा होती है जो हमें मानसिक शारीरिक और आत्मिक रूप से दृढ़ बनाती है।

वही देखा जाये तो हमारे देश में मंदिरों के गुंबद पिरामिड के आकार जैसे होते हैं। जो कास्मिक ऊर्जा के संपर्क में रहते हैं। प्रतिमा का सीधा संबंध उस ऊर्जा से सदा बना रहता है। जब भक्त प्रतिमा के समक्ष जाता है तो उसका ब्रेन कास्मिक वेव के संपर्क में आ जाता है और ब्रेन यानी मस्तिक के न्यूरॉन्स विशेष प्रकार से सक्रिय होने लगते हैं। उस समय भक्त प्रतिमा के सामने जो भी प्रार्थना करता है उसका फल उसे अवश्य मिलता है। प्रार्थना जितनी गहन होगी उतनी ही जल्दी फलित भी होती है।

वही अगर मंदिर के द्वार की बात करे तो   मंदिर और गर्भ गृह का द्वार बड़ा नहीं होना चाहिए । बस एक ही भक्त एक बार मे प्रवेश कर सके, इस शिल्प से द्वार इसीलिए  बनाये जाते थे जिससे  कास्मिक ऊर्जा का संतुलन बना रहे। उसी प्रकार मंदिर की चौखट का महत्व है। मंदिर का चौखट सामान्य चौखट से ऊंची और चौड़ी होती है। यह पत्थर, लकड़ी आदि की होती है उस पर सोने, चांदी, पीतल आदि से कवर किया जाता है इसलिए कि मंदिर की दिव्य ऊर्जा बाहर विकीर्ण न हो सके। मंदिर की ऊर्जा मंदिर के अंदर ही रहे। इसके पीछे आध्यात्मिक रहस्य भी है। चौखट पर भगवान नर सिंह का वास माना जाता है इसलिए उसे स्पर्श कर सिर पर लगाना या सिर से स्पर्श करना चाहिए। मंदिर में प्रवेश करते समय पैर चौखट से स्पर्श न हो। मंदिर की चौखट लाल या पीले रंग से रंगी जाती है। उसके दोनों तरफ तीन रंग की धारियां होती है। लाल पीला और सफेद यह सत्व रज और तम का प्रतीक हैं।


...

ऑनलाइन पंजीकरण आज से शुरू, सुबह 7 बजे से करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन

चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों के बीच श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुक्रवार छह मार्च से शुरू की जा रही है। पंजीकरण सुबह सात बजे से आरंभ होगा।

राज्य सरकार ने यात्रियों की सुविधा और यात्रा को व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से इस बार भी ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था लागू की है।

जिलाधिकारी सविन बंसल के अनुसार चारधाम यात्रा के लिए वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in के माध्यम से श्रद्धालु आनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे।

इसके अलावा Tourist Care Uttarakhand मोबाइल ऐप के जरिए भी रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। चारधाम यात्रा के अंतर्गत इस वर्ष यमुनोत्री व गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खुलेंगे।

केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को, जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। वहीं, हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने की अभी घोषणा होना शेष है।

चारधाम यात्रा में आने वाले भारतीय श्रद्धालु आधार कार्ड के माध्यम से पंजीकरण करा सकेंगे, जबकि विदेशी श्रद्धालुओं के लिए ई-मेल आईडी के जरिए पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

जिन श्रद्धालुओं के पास आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है, उनके लिए पिछले वर्ष की तरह ही इस बार भी ऑफलाइन पंजीकरण केंद्रों की व्यवस्था की गई है।

यात्रा से पूर्व ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा 17 अप्रैल से शुरू होगी। इसके लिए देहरादून और हरिद्वार में विशेष पंजीकरण केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

17 अप्रैल से खुलेंगे ऑफलाइन पंजीकरण

ऋषिकेश स्थित यात्रा पंजीकरण केंद्र और ट्रांजिट कैंप, हरिद्वार का ऋषिकुल ग्राउंड व देहरादून के विकासनगर में पंजीकरण केंद्र शामिल हैं।

श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पर्यटन विभाग की ओर से टोल फ्री नंबर 0135-1364 पर 24 घंटे काल सेंटर की व्यवस्था भी की गई है, जहां यात्रा से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।

राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए यात्रा से पहले अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराएं। इससे यात्रा मार्गों पर भीड़ प्रबंधन और सुविधाओं के संचालन में मदद मिलेगी।


...

देशभर में होलिका दहन, उज्जैन में महाकाल की विशेष आरती

देशभर में आज होलिका दहन किया जा रहा है। दिल्ली, मुंबई, कई शहरों में पूजा के बाद होलिका दहन किया गया। भोपाल में सीएम मोहन यादव ने अपनी पत्नी के साथ और अहमदाबाद में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने होली जलाई।

वहीं मुंबई के वर्ली में लव जिहाद की थीम पर होलिका दहन किया गया। मध्य प्रदेश में उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में शाम को विशेष आरती की गई। ओडिशा के जगन्नाथ मंदिर में होली पर्व डोला पूर्णिमा के रूप में मनाया जा रहा है।

भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा ‘सुना भेषा’ (स्वर्ण वेश) में दर्शन देंगे। भगवान श्री भुज, श्री पयर, रत्न कीरट, रत्न मुकुट, कंठी, बाहुटी जैसे 138 प्रकार के सोने के जेवर पहनेंगे।

इनका वजन 200 किलो से अधिक होता है। मंगलवार को ग्रहण काल दोपहर 3:20 से शाम 6:47 बजे तक है। इसके चलते सुना भेषा रात 8 से 9 बजे के बीच होगा।

डोला मंडप में बैठाकर लगाएंगे गुलाल

जगन्नाथ संस्कृति प्रचारक पंडित पद्मनाभ त्रिपाठी शर्मा ने बताया कि यह महाप्रभु की 12 बड़ी यात्राओं में से एक है। पूरे देश में डोला के दौरान राधा-कृष्ण की पूजा की जाती है, लेकिन यहां डोला गोबिंद, भूदेवी और श्रीदेवी की पूजा की जाती है। भगवान को विशेष डोला मंडप में बैठाकर गुलाल लगाया जाता है।


...

महाकालेश्वर मंदिर में नई व्यवस्था: ₹250 में संध्या और शयन आरती में प्रवेश

ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में अब श्रद्धालु भस्म आरती की तरह संध्या और शयन आरती के दर्शन के लिए भी ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। इसके लिए प्रति व्यक्ति 250 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है और दोनों आरतियों की बुकिंग अलग-अलग समय पर होगी। मंदिर प्रशासन ने बुधवार देर रात इस नई व्यवस्था की घोषणा की। देशभर के श्रद्धालु मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संध्या और शयन आरती के लिए अग्रिम आरक्षण करा सकते हैं। संध्या आरती की बुकिंग दोपहर 12 बजे से और शयन आरती की बुकिंग शाम 4 बजे से शुरू होगी। अनुमति प्राप्त श्रद्धालुओं को गेट नंबर 1 से प्रवेश दिया जाएगा — संध्या आरती के लिए शाम 6 बजे और शयन आरती के लिए रात 10 बजे तक मंदिर पहुंचना अनिवार्य रहेगा। सामान्य श्रद्धालु कार्तिकेय मंडपम से चलायमान दर्शन कर सकेंगे और सभी बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी।


...

महाकाल मंदिर में VIP दर्शन पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी

उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में वीआईपी दर्शन पर रोक लगाने की लंबे समय से मांग हो रही है। इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी, लेकिन सर्वोच्च न्यायालय ने याचिका खारिज कर दी है।

सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि किसी भी मंदिर में वीआईपी दर्शन होंगे या नहीं, इसका फैसला करने का अधिकार अदालत को नहीं है। इस तरह की याचिका को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

3 जजों की बेंच ने की सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली 3 जजों की बेंच ने ये फैसला सुनाया है। जस्टिस महादेवन और जस्टिस जॉयमाला बागची भी इस बेंच का हिस्सा थे। याचिकाकर्ता दर्पण अवस्थी ने इससे पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में भी याचिका दायर करते हुए वीआपी दर्शन पर रोक लगाने की मांग की थी। मगर, हाईकोर्ट ने भी याचिका खारिज कर दी थी, जिसे अब सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी।

VIP दर्शन पर उठाए सवाल

याचिकाकर्ता का कहना था कि महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में वीआईपी लोगों को आसानी से एंट्री मिल जाती है। वो महाकाल शिवलिंग पर जल चढ़ाकर पूजा-पाठ भी करते हैं, लेकिन आम जनता को इसका अधिकार नहीं है। उन्हें दूर से ही दर्शन करके वापस लौटना पड़ता है, जो पूरी तरह से गलत है।

कोर्ट में याचिकाकर्ता का पक्ष रखते हुए एडवोकेट विष्णु शंकर जैन ने कहा कि गर्भगृह में सभी के लिए नियम समान होने चाहिए। उन्होंने कहा, "ये अनुच्छेद 14 का उल्लंघन है। गर्भगृह में जाने के नियम सभी के लिए बराबर होने चाहिए। वीआईपी दर्शन के नाम पर नागरिकों के साथ भेदभाव नहीं किया जा सकता है। अगर कोई वीआईपी व्यक्ति कलेक्टर के आदेश में गर्भगृह में जाता है, तो आम जनता को भी ये अधिकार मिलना चाहिए।"

CJI ने दी प्रतिक्रिया

CJI सूर्यकांत ने मामले पर टिप्पणी करते हुए कहा, "गर्भगृह में किसे जाना चाहिए और किसे नहीं, इसका फैसला अदालत नहीं कर सकती है। हम न्याय की बात कर रहे हैं। हो सकता है ये न्याय का मामला हो, लेकिन इसपर जिम्मेदार लोग ही फैसला ले सकते हैं, न कि अदालत। अगर अदालत ये तय करने लगे कि मंदिर में कौन जाएगा और कौन नहीं, तो कोर्ट का भार बहुत बढ़ जाएगा।"

CJI सूर्यकांत ने कहा-

अगर अनुच्छे 14 की बात हो रही है, तो कल अनुच्छेद 19 की भी मांग होगी। अभी आप गर्भगृह में जाने का अधिकार मांग रहे हैं, कल कहेंगे कि मुझे मंत्र पढ़ना है, क्योंकि अनुच्छेद 19 के तहत हमारे पास बोलने का अधिकार है।

याचिका में क्या की गई मांग?

एडवोकेट विष्णु शंकर जैन ने साफ किया है कि उनकी याचिका भेदभाव पर आधारित है। गर्भगृह में या तो सबकी एंट्री बंद कर देनी चाहिए, या सभी को गर्भगृह में जाने की इजाजत होनी चाहिए। कुछ चुनिंदा लोगों को खास तवज्जो देना गलत है।


...

रिकॉर्ड तोड़ भीड़! माघ मेले में 54 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी, ‘हर-हर गंगे’ से गूंजी संगम नगरी

संगम की रेती पर आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा है। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बावजूद लाखों श्रद्धालु ‘हर-हर गंगे’ के जयघोष के साथ त्रिवेणी संगम में मकर संक्रांति का पुण्य स्नान कर रहे हैं। प्रशासन के अनुमान के मुताबिक, आज संगम तट पर 1.5 से 2 करोड़ श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने की संभावना है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चप्पे-चप्पे पर एटीएस कमांडो तैनात हैं और एआई आधारित कैमरों से पूरे मेला क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है। वहीं, कल्पवासियों की तपस्या और हठयोगियों की साधना ने मेले के वातावरण को अलौकिक बना दिया है। मकर संक्रांति के इस पावन अवसर पर संगम नगरी में श्रद्धा, शक्ति और सुरक्षा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।


...

केदारनाथ मंदिर से व्हाइट हाउस तक… जम्मू में दिखेंगे 14 विश्वप्रसिद्ध स्मारक

फ्रांस का एफिल टावर, मिस्र का ग्रेट स्फिंक्स ऑफ गीजा, अमेरिका का व्हाइट हाउस और इटली का कोलोसियम देखने के लिए अब विदेश जाने या भारी खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उत्तराखंड के केदारनाथ मंदिर, आगरा के ताज महल और गुजरात के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सहित दुनिया के 14 प्रसिद्ध स्मारक अब जम्मू में ही देखने को मिलेंगे।

इसके लिए लोगों को ज्यादा इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा। जम्मू के भगवती नगर में वंडर पार्क का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। यहां सरदार वल्लभभाई पटेल की 40 फीट ऊंची प्रतिमा सहित कई स्मारकों का आधे से अधिक निर्माण पूरा हो चुका है। पार्क के मार्च–अप्रैल तक बनकर तैयार होने की उम्मीद है।

यह वंडर पार्क श्री अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर से मात्र 400 मीटर की दूरी पर बनाया जा रहा है। इसका निर्माण जम्मू स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत दिल्ली की एक कंपनी द्वारा किया जा रहा है। गुजरात और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों से आए कारीगर निर्माण कार्य में जुटे हुए हैं। स्थानीय विधायक अरविंद गुप्ता ने बताया कि पार्क के निर्माण पर करीब नौ करोड़ रुपये की लागत आएगी और इसे 31 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

पार्क में जिन प्रमुख स्मारकों का निर्माण किया जा रहा है, उनमें ग्रेट स्फिंक्स ऑफ गीजा (मिस्र), अंगकोर वाट मंदिर (कंबोडिया), एफिल टावर (फ्रांस), कोलोसियम (इटली), व्हाइट हाउस (यूएसए), स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (गुजरात), ताज महल (उत्तर प्रदेश), केदारनाथ मंदिर (उत्तराखंड), अखनूर किला (जम्मू), क्रीमची मंदिर (ऊधमपुर) और रियासी जिले का रेलवे आर्च ब्रिज शामिल हैं।

देश-दुनिया के प्रसिद्ध स्मारकों के साथ इस पार्क में जम्मू-कश्मीर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत की भी झलक देखने को मिलेगी। यहां ऊधमपुर का क्रीमची मंदिर, अखनूर किला और रियासी में बने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज का स्मारक भी आकर्षण का केंद्र होगा।


...